logo

भैंस को चारा देकर सोने गई थी महिला, सुबह घर में मिली लाश

भैंस को चारा देकर सोने गई थी महिला, सुबह घर में मिली लाश

द फॉलोअप डेस्क, रांची
साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में 47 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से कडमबा टोला गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन के रूप में हुई है। मंगलवार की शाम तक सबकुछ सामान्य था। रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद होपन अपनी भैंस को चारा देकर घर लौटीं और सोने चली गईं। उस समय उनके बेटे विष्णु बेसरा के कल्याणचक मेला देखने जाने की जानकारी है। बुधवार की सुबह जब बेटा घर लौटा, तो मां को घर के अंदर मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। उसने आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में गांव के लोग मौके पर जुट गए। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।


बेटे-बहू से विवाद का आरोप, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
घटना तीनपहाड़ थाना क्षेत्र की वृंदावन पंचायत के कडमबा टोला की है। होपन सोरेन की संदिग्ध मौत के बाद उनके मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। मायके वालों का आरोप है कि महिला का अपने बेटे और बहू के साथ अक्सर विवाद होता था। उनके अनुसार, बेटे को संतान नहीं होने को लेकर परिवार में अंधविश्वास और ओझा-गुणी से जुड़ी बातें भी विवाद की वजह बनती थीं। मायके पक्ष को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद के कारण महिला की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महिला की मौत की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ कडमबा टोला पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को भी सूचित किया गया। इसके बाद राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन के अनुसार, महिला की मौत के मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और हर किसी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी है।

Tags - Jharkhand News Sahibganj News Suspicious Death Police Investigation Family Dispute