द फॉलोअप डेस्क
रांची के ओरमांझी में बीते दिनों भाजपा नेता चतुर साव पर फायरिंग करने वाले चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रांची पुलिस ने जिन चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है उसमें ओरमांझी निवासी उमेश करमाली, नीरज कुमार महतो, बिहार के मुंगेर निवासी संजीव कुमार और राज कुमार प्रवेश शामिल है। इनके पास से एक देशी कट्टा, खोखा, दो जिंदा गोली, एक देशी पिस्टल, दो मोबाईल और एक पल्सर बाइक भी बरामद किया गया है। रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेस कर इसकी जानकारी दी। मालूम हो कि बीते 21 फरवरी को भाजपा नेता सह व्यवसायी चतुर साव पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी। जिसके बाद चतुर के बयान पर ओरमांझी थाने में एफआइआर दर्ज हुआ है।

फरीदाबाद से पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी नौशाद आलम की देखरेख में डीएसपी सिल्ली क्रेस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की गई थी। तकनीकी शाखा रांची के सहयोग से एसआईटी ने घटना में शामिल उमेश करमाली और नीरज कुमार महतो को ओरमांझी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। वहीं, संजीव कुमार और राज कुमार प्रवेश को फरीदाबाद (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयोग किए गए हथियार और गोली को भी पुलिस ने बरामद किया है।

मनोज मुंडा ने मांगी थी रंगदारी
पुलिस को गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि होटवार जेल में बंद सक्रिय अपराधी मनोज मुंडा ने रंगदारी का पैसा नहीं देने के कारण चतुर साव पर हमला करावाया है। मनोज ने जेल में बंद अपने सहयोगी विश्वजीत उर्फ रोहित के सहयोग से अपने मित्र राजकुमार प्रवेश के सहयोगी संजीव कुमार को काम के बदले पैसा देने की बात कह कर फरीदाबाद हरियाणा से इस घटना को अंजाम देने के लिए ओरमांझी भेजा था। दूसरी ओर नीरज महतो और उमेश करमाली जो कि हत्या के केस में सजायाफ्ता है उसे इस साल जनवरी माह में ही मनोज मुंडा के द्वारा जेल से बेल करवाकर बाहर निकलवाया गया, ताकि अपना काम करा सके। पुलिस की मानें तो नीरज महतो और उमेश करमाली ने मनोज मुंडा के द्वारा दिये गए हथियार से ही इस घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में नीरज महतो एवं उमेश करमाली की ओर से शूटर संजीव कुमार को चतुर साव के दुकान पिस्का मोड़ पर ले जाया गया था। जहां इन दोनों ने शूटर संजीव कुमार को चतुर साव का पहचान कराया। जान मारने के लिए फायरिंग करते हुए संजीव उमेश, नीरज महतो के साथ मोटरसाईकिल से घटनास्थल से भाग गया था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT