द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज के कोटालपोखर थाना क्षेत्र के मयूरकोला पंचायत स्थित बधईटांड़ गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान बधईटांड़ गांव के बीशु घोष की पत्नी मानती देवी (55) और फुलचुआ गांव के गोला घोष की पत्नी उर्मिला देवी (35) के रूप में हुई है।
दोनों महिलाएं गांव के पास स्थित एक पोखर में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और वज्रपात हुआ, जिससे वे इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों महिलाओं को इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर कोटालपोखर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
