logo

हाय~रे~व्यवस्था : प्रमोशन की आस में रिटायर हो गये 2 दर्जन अंचल निरीक्षक

jharkhand_mantrlai16.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अंचल निरीक्षकों का प्रमोशन काफी समय से रुका हुआ है। आलम यह है कि प्रमोशन के इंतजार में 2 दर्जन से अधिक अंचल अधिकारी रिटायर हो गए। इसी महीने में 2 अंचल निरीक्षक रिटायर हुए। जानकारी के अनुसार अंचल निरीक्षकों के प्रमोशन की सारी प्रक्रिया पूरी हो गई थी। केवल भू-राजस्व विभाग के सचिव को बैठकर प्रमोशन पर मुहर लगानी थी लेकिन 2 साल में न यह बैठक हो पाई न ही प्रमोशन मिला। अगर इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया अभी संख्या में और बढ़ोतरी होगी। 


20 फरवरी को होनी थी बैठक
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को प्रोन्नति की बैठक होनी थी। यह बैठक जेपीएससी के अधिकारियों के साथ होनी थी लेकिन समिति के सदस्य बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक टल गई। अबतक दूसरी तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। पूछे जाने पर रोस्टर क्लियरेंस ना होने की बात कही गयी। जबकि पूर्व सचिव ने रोस्टर क्लियरेंस की अनुमति विभाग को काफी पहले ही दे दी थी। फिर भी रोस्टर क्लियरेंस क्यों नहीं हुआ यह बात विभाग की मंशा को दर्शाता है। इस बात से अंचल निरीक्षक काफी निराश हैं। 


राज्य में कुल 80 अंचल निरीक्षक 
नाम ना बताने की शर्त पर अंचल निरीक्षक कहते हैं कि 2022 में भी रोस्टर तैयार हुआ था। विभाग चाहता तो उसी रोस्टर के मुताबिक प्रमोशन की कार्यवाही पूरी की जा सकती थी। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। बात यहीं नहीं रुकती है। 20 तारीख की बैठक कैंसिल होने के बावजूद दस दिन बीतने को है। लेकिन अभी तक विभाग की तरफ से अगली बैठक की तारीख निर्धारित नहीं की गयी है। गौरतलब है कि करीब 80 अंचल निरीक्षकों का प्रमोशन लंबे समय से रुका हुआ है, जिनमें से दो दर्जन प्रमोशन के इंतजार में रिटायर हो गए। समय रहते अगर बैठक नहीं हुई तो संख्या बढ़ने की उम्मीद है।