रांची:
Jharkhand News: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ी तैयारी की जा रही है। वीबी-ग्राम जी (पूर्व में मनरेगा) योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस योजना में पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत उन गांवों और बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क से नहीं जुड़ सके हैं। योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल नहीं हो पाई सड़कों को भी चिह्नित कर उनका निर्माण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ किसानों और ग्रामीण परिवारों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 KM का लक्ष्य
जिलेवार सड़क निर्माण के लक्ष्य के अनुसार पूर्वी सिंहभूम के बाद पलामू में 1,100 किलोमीटर और गढ़वा में 1,000 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और सरायकेला-खरसावां में 400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इस तरह कोल्हान के तीनों जिलों में कुल 2,550 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा फायदा
ग्रामीण सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज, फल-सब्जियां और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। इससे परिवहन में लगने वाला समय और खर्च कम हो सकता है। इसके अलावा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिलने और नए रोजगार के अवसर विकसित होने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य कब शुरू होगा और इसे पूरा करने की समयसीमा क्या होगी, इसकी जानकारी आगे की विभागीय कार्ययोजना से स्पष्ट होगी।
ग्रामीण विकास मंत्री ने क्या कहा?
झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों में सड़कें बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस योजना का उद्देश्य गांवों में आवागमन को सुगम बनाना और बाजारों के साथ रोजगार से जुड़ी योजनाओं को जोड़ना है। इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।