logo

झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आकर 3 लोगों की मौत; बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

a547.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, जामताड़ा:

झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा हुआ। यहां ट्रेन की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच रही है। सूचना है कि हादसे में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी भी हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक जामताड़ा-करमाटांड के कलझरिया के पास ये हादसा हुआ है। जामताड़ा एसपी अनिमेष नथानी के मुताबिक अब तक 2 लोगों के मौत की सूचना है। थोड़ी ही देर में करमाटांड़ के थाना प्रभारी मौके पर पहुंच रहे हैं।

देर शाम करीब 8 बजे हुआ हादसा

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रात तकरीबन 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय हावड़ा की ओर जा रही अंग एक्सप्रेस कलाझरिया स्टेशन के पास से गुजर रही थी। तभी, बोगी में आग लगने की सूचना फैल गई। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्री कोच से नीचे उतर आए। लोग ट्रैक में थे और तभी आसनसोल से झाझा जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गये। घटना में कई यात्रियों के मौत की सूचना है। अभी तक प्रशासन ने 3 शव बरामद किए हैं। बाकी शवों की तलाश की जा रही है। कई लोगों के जख्मी होने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही वहां भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। 

स्थानीय विधायक इरफान अंसारी ने घटना को दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि मैंने जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया है। 


रेलवे की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि ट्रेन संख्या-12254 शाम तकरीबन 7 बजे रूकी थी। इसी समय 2 व्यक्ति जो ट्रेन रूकने की जगह से 2 किमी दूर ट्रैक पर टहल रहे थे, अप लाइन पर मेमू ट्रेन की चपेट में आ गये। रेलवे ने कहा कि ट्रेन में आग लगने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। आधिकारिक बयान में यह भी कहा गया है कि जैसा कि बताया जा रहा है कि 12 लोगों की मौत हुई है, उसमें कोई सत्यता नहीं है। मरने वाले यात्री भी नहीं थे बल्कि ट्रैक पर चल रहे 2 लोगों की जान गई है। मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय कमिटी बनाई गई है।