द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना- 2023 के तहत 1000 तीर्थ यात्री द्वारिका-सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना हुए। सोमवार को झारखंड के पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने हटिया रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विशेष ट्रेन के द्वारा राज्य के सभी जिलों से कुल 1000 तीर्थयात्रियों को जो 60 वर्ष से अधिक एवं BPL श्रेणी के थे उन्हें तीर्थयात्रा पर भेजा गया। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में निदेशक पर्यटन अंजलि यादव एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

27 मार्च को यात्रा होगी समाप्त
द्वारिका-सोमनाथ दर्शन यात्रा 20 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च को समाप्त होगी। यात्रा में सभी तीर्थ यात्रियों को ट्रेन यात्रा, नाश्ता, भोजन, होटल में ठहरने एवं बस के माध्यम से स्थानीय तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से नि:शुल्क होगी। किसी भी यात्री को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। बताते चलें कि इससे पूर्व 15 से 21 फरवरी के बीच मुस्लिम धर्मावलंबियों के लिए भी अजमेर शरीफ, आगरा व फतेहपुर सीकरी के लिए तीर्थयात्रियों को रवाना किया गया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT