द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के करीब 1000 बुजुर्ग 20 मार्च को तीर्थ यात्रा पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के दूसरे चरण में राज्य के 60 वर्ष से अधिक आयु के बीपीएल श्रेणी के 1000 वरिष्ठ हिंदू धर्मावलंबियों को द्वारका एवं सोमनाथ दर्शन के लिए ट्रेन रवाना होगी। आईआरसीटीसी के माध्यम से तीर्थ दर्शन कराया जाएगा। तीर्थ यात्रियों को लेकर हटिया रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन रवाना होगी। बता दें कि 15 मार्च तक रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख है। बताते चलें कि जिलावार कोटा निर्धारित है, लेकिन आवेदकों की संख्या काफी ज्यादा है।

खाने-रहने की भी पूरी व्यवस्था करती है सरकार
राज्य सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत तीर्थ स्थलों का दर्शन करा रही है। इस योजना के तहत तीर्थ यात्रा में सभी तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क ट्रेन यात्रा, नाश्ता, भोजन एवं होटल में ठहराना तथा बस के माध्यम से स्थानीय धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है। कोविड के कारण मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को बंद कर दिया गया था। मगर अब फिर से सरकार गरीब बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करा रही है।

बीते माह 830 मुस्लिम धर्मावलंबी गए थे तीर्थ दर्शन पर
झारखंड पर्यटन विकास निगम लि. द्वारा वर्ष 2023 के प्रथम चरण में राज्य के 60 वर्ष से अधिक आयु के बीपीएल श्रेणी के कुल 830 मुस्लिम धर्मावलंबियों का चयन किया गया था। इन्हें 15 फरवरी से 21 फरवरी तक अजमेर शरीफ, आगरा एवं फतेहपुर सीकरी के तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया गया। आईआरसीटीसी के माध्यम से विशेष ट्रेन द्वारा कराए गए। इस तीर्थ यात्रा में सभी तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क ट्रेन यात्रा, नाश्ता, भोजन एवं होटल में ठहराना तथा बस के माध्यम से स्थानीय धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। झारखंड सरकार द्वारा इस योजना के तहत दी जा रही सुविधाओं से सभी तीर्थ यात्री खुश हुए। झारखंड सरकार को धन्यवाद देते हुए इस योजना को आगे भी जारी रखने का अनुरोध उन्होंने किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT