logo

झारखंड में आज भी होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट 

RAINY_SEASON.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड में अभी बारिश से राहत नहीं मिलेगी। अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कोल्हान प्रमंडल के तीन जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में शनिवार को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिले में रांची, खूंटी, सिमडेगा और लोहरदगा में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है, इसलिए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय इलाके में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब गहरा हो गया है और यह डिप्रेशन  में बदल चुका है। यह सिस्टम शुक्रवार को कोलकाता से 100 किमी पूर्व और सागर दीप से 80 किमी पूर्व में था। अगले 24 से 48 घंटे में यह सिस्टम पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के दक्षिणी हिस्सों से होकर गुजरेगा। इसके चलते पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना है। 

पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई-

 सिमडेगा: 94.6 मिमी
 चाईबासा: 58.5 मिमी
 रांची: 38.8 मिमी
 पश्चिमी सिंहभूम: 37.2 मिमी
 खूंटी: 35.5 मिमी
 हजारीबाग: 31.0 मिमी
 चक्रधरपुर: 31.6 मिमी
 जामताड़ा: 26.8 मिमी

1 जून से 25 जुलाई तक झारखंड में कुल 676.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। रांची में अब तक 927.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 69% अधिक है। बारिश की वजह से राज्य में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। रांची में अधिकतम 28.5°C और न्यूनतम 22.6°C, वहीं चाईबासा में सबसे ज्यादा तापमान 33.3°C रहा।


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Weather News Weather Latest News Heavy Rain