द फॉलोअप डेस्क
ओडिशा के रायगढ़ा में चोरी हुए सोने और चांदी के आभूषण के साथ जमशेदपुर के चाकुलिया पुलिस ने एक सबर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी के कई आभूषण भी बरामद किये हैं। आरोपी महिला को चाकुलिया पुलिस ने बाजपेई नगर स्थित गुलगुलिया पाड़ा से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गीता सबर के रूप में की गयी है। इस संबंध में जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर संवाददाताओं को जानकारी दी। जिसके बाद आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस मामले में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने जानकारी दी कि 30 जून को ओडिशा के रायगढ़ा थाना अंतर्गत एक महिला को घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था, जो चाकुलिया के बाजपेइ नगर के सरोज सबर के संपर्क में थी। इसे लेकर रायगढ़ा पुलिस शुक्रवार को चाकुलिया पहुंची और पुलिस से सहयोग की अपील की। वहीं इस घटना में संलिप्त अपराधी नेहा सबर के संबंध में पूछताछ की गयी, पर महिला घर से फरार थी। उसके घर की तलाशी ली गयी, तो चांदी जैसा दिखने वाला थाली बरामद हुआ। संदेह पर उसकी पड़ोसी गीता सबर के घर तलाशी ली गयी, तो भारी मात्रा में चांदी, सोना के आभूषण बरामद किये गये। ग्रामीण एसपी ने बताया कि महिला के पास से बरामद किए गये सोने और चांदी के आभूषणों का कुल वजन करीब 3 किलो से ज्यादा हैं। इसमें ढाई किलो से अधिक चांदी के आभूषण, जबकि बाकी के सोने के गहने शामिल हैं। वहीं आभूषणों के साथ लोहे का सबल, एक चाकू भी जब्त किया गया है। इस मामले में अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
