logo

निशा भगत मौत मामले में दोषियों पर होगी कार्रवाई, परिवार को न्याय दिलाएंगे : विजया रहाटकर

निशा भगत मौत मामले में दोषियों पर होगी कार्रवाई, परिवार को न्याय दिलाएंगे : विजया रहाटकर

गुमला
राष्ट्रीय महिला आयोग (National Commission for Women) की अध्यक्ष विजया रहाटकर (Vijaya Rahatkar) ने कहा कि गुमला (Gumla) की होनहार बेटी निशा भगत (Nisha Bhagat) की मौत दुखद है। निशा भगत की मौत के मामले में उन्होंने खुद संज्ञान (Taken Suo Motu Cognizance) लिया है। आज उनके परिजनों से मुलाकात की है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच (Impartial Investigation) होगी। निशा भगत को न्याय (Justice) मिलेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने गुमला के डीएसपी रोड स्थित निशा भगत के पिता हन्दू भगत से मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने निशा भगत के पिता हन्दू भगत से उनके डीएसपी रोड स्थित पैतृक आवास में मुलाकात की और दिवंगत निशा भगत को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं

मीडिया से बातचीत करते हुए विजया रहाटकर ने कहा कि निशा भगत के पिता से बातचीत में जानकारी मिली कि निशा भगत धर्मांतरण और डीलिस्टिंग के खिलाफ मुखर होकर बोल रही थीं। जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं। उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी लिए जिन्हें राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उसके घर में चोरी की घटना हुई, जिसमें दर्ज प्राथमिकी के बाद भी थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनके व्यक्तिगत जीवन को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया गया। हन्दू भगत के अनुसार निशा भगत ने खुदकुशी नहीं की है, उसकी हत्या की गई है। हत्या के बाद उसे फांसी पर लटकाया गया है। फांसी से उतारने के पुलिस के तरीके को भी निशा भगत के पिता ने गलत बताया है।

होनहार बेटी की असामयिक मौत बेहद दुखद

आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि होनहार बेटी की असामयिक मौत बेहद दुखद है। घटना की उन्होंने संज्ञान ली है, शासन और प्रशासन से रिपोर्ट की मांग की गई है। आज मैं उनके पिताजी से मिली हूं और मैंने उनको सांत्वना भी दी है। यह बहुत हैरान करने वाली बात है कि एक होनहार और हिम्मतवाली बेटी के साथ ऐसी घटना कैसे घटी। हमने उनसे पूछा है कि यह क्यों हुआ, घटनाक्रम क्या था और बेटी को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने क्या-क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उनका अंत हुआ है, उसे देखकर बड़ा दर्द है। इस तरीके से बेटियों के साथ नहीं होना चाहिए। जो भी दोषी है, उन सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसके लिए पुलिस को काम करना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियों की सुरक्षा के संदर्भ में भी पुलिस प्रशासन से बात करने का प्रयास करेंगे।

गुमला में निशा भगत के पिता से की मुलाकात

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष दिल्ली से रांची और रांची से गुमला पहुंचीं। गुमला में निशा भगत के पिता हांदु भगत से मुलाकात की और गुमला परिसदन में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से बैठक कर महिला सुरक्षा के संदर्भ में जानकारी हासिल की। उनके साथ महिला आयोग दिल्ली से मनमोहन वर्मा, रांची से नामकुम की सीडीपीओ सविता सिंह शामिल थीं। गुमला में सीडीपीओ सुरेश यादव, एसडीओ अखिलेश कुमार, बीडीओ अशोक चोपड़ा, थाना प्रभारी दिनेश कुमार शामिल थे।


 

Tags - Nisha Bhagat Vijaya Rahatkar National Commission for Women Gumla Justice for Nisha