logo

भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की 5 बेटियों का चयन, सलीमा टेटे संभालेगी कमान 

SALEEMA_TETE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
ऑस्ट्रेलिया में 26 अप्रैल से 4 मई तक होने वाली महिला हॉकी प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार झारखंड की 5 बेटियों को टीम में जगह मिली है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। खास बात यह है कि सभी खिलाड़ी सिमडेगा जिले से हैं। 
टीम की कप्तानी सलीमा टेटे को सौंपी गई है। सलीमा मिडफील्डर की भूमिका में खेलेंगी और उनकी छोटी बहन महिमा टेटे भी मिडफील्डर के तौर पर टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग को फॉरवर्ड लाइन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अंजना डुंगडुंग को स्टैंडबाय खिलाड़ियों में रखा गया है। 

बांस की स्टिक से शुरू किया सफर 
सलीमा टेटे का सफर प्रेरणादायक रहा है। सिमडेगा के छोटे से गांव बड़कीछापर से आने वाली सलीमा ने बांस की स्टिक और लोकल बाल से हॉकी खेलना शुरू किया था। साल 2014 में वह झारखंड टीम में चुनी गईं और 2016 में भारत की राष्ट्रीय टीम में शामिल हुईं। 2018 में उन्हें जूनियर टीम की कप्तानी मिली और 2024 में वे सीनियर टीम की कप्तान बनी। इसी साल उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। वहीं सलीमा टेटे की बहन महिमा टेटे ने कहा कि वह हमेशा अपनी दीदी सलीमा के नक्शे-कदम पर चलना चाहती थीं। उन्होंने बताया, "जब भी मैं कुछ गलत करती हूं, दीदी मुझे प्यार से समझाती हैं और मेरी मदद करती हैं। उनके साथ कैंप में रहना बहुत अच्छा अनुभव रहा।"  


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Indian Women Hockey Team Salima Tete Jharkhand Players 5 Players from Jharkhand