logo

झारखंड शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई: ACB ने अमित प्रभाकर को किया गिरफ्तार

ACB6.jpeg

रांची

झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सुमित फैसिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अमित प्रभाकर सलौंकी को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, अमित प्रभाकर से पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। वह शराब दुकानों में मैन पावर सप्लाई करने वाली कंपनी सुमित फैसिलिटी प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर रहा है। वर्ष 2022-23 के दौरान झारखंड में इसी कंपनी के माध्यम से शराब दुकानों में कर्मचारियों की आपूर्ति की जा रही थी।


इससे पहले 15 जून को सामने आई एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई थी कि एसीबी जल्द ही शराब घोटाले में उत्पाद विभाग के सचिव मनोज कुमार और तीन कारोबारियों से पूछताछ कर सकती है। इनमें अमित प्रभाकर सलौंकी के साथ-साथ अजीत जय सिंह राव और सुनील मारूत्रे कुभकर के नाम भी शामिल थे। ये तीनों कारोबारी महाराष्ट्र के पुणे के निवासी हैं। उल्लेखनीय है कि इस घोटाले में इससे पहले झारखंड के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे को भी एसीबी द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।


झारखंड में हुए इस शराब घोटाले की परतें धीरे-धीरे खुलती जा रही हैं, और एसीबी की जांच लगातार तेज होती जा रही है। सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में और भी कई बड़े नामों पर शिकंजा कस सकता है। 

यह खबर अब तक मिली जानकारी पर आधारित है। आगे की जानकारी आने पर अपडेट किया जाएगा।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest