रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज इंडिया गठबंधन की एक ऑनलाइन बैठक में शामिल होकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। बैठक में सोरेन ने जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार से सख्त जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा, "देश को यह जानने का भी अधिकार है कि इस घटना को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और स्पष्ट समर्थन का अभाव क्यों रहा? हमारी विदेश नीति इतनी लचर क्यों रही?"
सोरेन ने पहलगांव हमले को "कायराना" करार देते हुए सवाल उठाया कि आखिर देश की विदेश नीति इस संकट के समय इतनी कमजोर क्यों नजर आई। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह न केवल देश को स्पष्ट जानकारी दे, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी प्रभावी प्रतिक्रिया दे।

बैठक में चुनाव आयोग द्वारा बिहार में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) को लेकर भी हेमंत सोरेन ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि, "बिहार में जिस तरह से SIR प्रक्रिया चलाई जा रही है, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और अपने राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।"
सोरेन ने कहा कि इंडिया गठबंधन केंद्र सरकार की हर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एकजुट और प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दोहराया कि गठबंधन देश में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश की राजनीति में विपक्षी एकता और संस्थानों की निष्पक्षता को लेकर बहस तेज़ होती जा रही है।
