logo

जामताड़ा में भारी बारिश से पुल क्षतिग्रस्त, सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा 

PUL_TUTA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जामताड़ा में पिछले एक महीने से हो रही भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से जामताड़ा और देवघर को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को दक्षिण बहाल गांव के लोगों ने देखा कि पुल के 5 पिलर तेज पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते आसपास के सैकड़ों लोग पुल को देखने पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। 

सूचना मिलते ही जिले के उपायुक्त रवि आनंद, एसपी राज कुमार मेहता और एसडीओ अनंत कुमार हरकत में आए। अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जामताड़ा थाना पुलिस और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 4 पहिया और भारी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया और पुल को ब्रैकेटिंग कर दिया। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने पुल की जांच की और इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से दक्षिण बहाल सहित सैकड़ों गांवों के लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। अब उन्हें जामताड़ा मुख्यालय पहुंचने के लिए 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी, जबकि पहले यह दूरी महज 1 किलोमीटर थी। यह पुल जामताड़ा का लाइफलाइन पुल है और जिला मुख्यालय से महज 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह पुल कर्माटांड़, करों, चितरा, सारठ, मधुपुर, देवघर, दुमका को जोड़ने का काम करता है। इसके अलावा, यह जामताड़ा जिला मुख्यालय को गोविंदपुर साहिबगंज स्टेट हाईवे से भी जोड़ता है।

इस घटना से मरीजों, स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। दक्षिण बहाल पंचायत के लोग पहले 2 किलोमीटर की दूरी तय करके सदर अस्पताल, आईटीआई कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, कमांड बिल्डिंग और सर्किट हाउस पहुंचते थे, लेकिन अब उन्हें 20 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।  अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमारने कहा कि सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चार पहिया और भारी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुल को ब्रैकेटिंग कर दिया गया है ताकि कोई भी भारी वाहनइससे गुजर न सके। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पुल का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है ताकि उनकी परेशानियों को कम किया जा सके। प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि पुल के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Tags - Jharkhand News Jamtara News Jamtara Latest News Jamtara Hindi News Bridge Damaged