logo

स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी के लिए इस नंबर पर करे संपर्क, बिजली विभाग ने दी और भी सूचना  

smart1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिजली उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जेबीवीएनएल के रांची पूर्वी डिविजन की ओर से शुक्रवार को टाटी पंचायत भवन में एक कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने उनकी शिकायतें सुनीं और कानूनी सुझाव भी दिए। 

अधिकारियों ने साफ कहा कि बिजली का उपयोग मीटर के माध्यम से ही करें और मीटर या उसके पहले के तारों से छेड़छाड़ बिल्कुल न करें। ऐसा करने पर उपभोक्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं को यह जानकारी भी दी गई कि सरकार द्वारा 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है। साथ ही बकाया बिजली बिल भी माफ किया जा रहा है। यह सुविधा गरीब और सामान्य वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी है। 

शिविर में बताया गया कि उपभोक्ता अपनी शिकायतें नजदीकी बिजली कार्यालय में दे सकते हैं। अगर वहां से समाधान नहीं होता, तो वे विद्युत शिकायत निवारण फोरम में भी आवेदन कर सकते हैं। स्मार्ट मीटर के फायदे भी उपभोक्ताओं को बताए गए। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपने बिजली खपत की जानकारी और बिल की स्थिति आसानी से देख सकते हैं। स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी के लिए व्हाट्सएप नंबर 9431135503 पर संपर्क करने को कहा गया है। कार्यक्रम में रांची जीएम मनमोहन कुमार, एसई डीएन साहू, ईई राजेश कुमार मंडल और टाटी पंचायत की मुखिया कृष्णा पाहन मौजूद रहे।


 

Tags - Jharkhand News Ranchi News Ranchi Latest News Electricity Department Smart Meter