रांची
नगर विकास एवं आवास विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र वितरण समारोह शनिवार को राजधानी रांची में आयोजित हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही उन्होंने पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग अंतर्गत झारखंड पर्यटन तथा झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (JTDC) का नया लोगो और वेबसाइट भी लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, रोजगार और युवा वर्ग के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान जानकारी दी कि झारखंड सरकार और एचसीएल टेक के बीच हुए समझौते (MoU) के तहत अब राज्य के 12वीं पास छात्र-छात्राओं को आईटी सेक्टर में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत युवाओं को छह माह की ट्रेनिंग और छह माह की इंटर्नशिप दी जाएगी। ट्रेनिंग अवधि में चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। साथ ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें नौकरी और उच्च शिक्षा का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। बता दें कि इस कार्यक्रम का आयोजन 13 सितंबर 2025 को IIT (ISM) धनबाद परिसर में किया जायेगा।
