logo

रांची : टाटीसिलवे स्टेशन पर आर्मी जवान पर युवती से दुष्कर्म का आरोप, RPF की तत्परता से बची पीड़िता

RAPEVICTIM11.jpg

रांची 

रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात करीब 9.30 बजे आर्मी के एक जवान द्वारा 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से युवती को बचा लिया गया और आरोपी जवान को मौके पर ही काबू में कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी से चलकर टाटीसिलवे पहुंची आर्मी की स्पेशल ट्रेन लूप लाइन में खड़ी थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ट्रेन के प्रत्येक कोच में आर्मी जवानों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान अनगड़ा क्षेत्र की रहने वाली युवती अपने एक रिश्तेदार को लेने टाटीसिलवे स्टेशन के डाउन लाइन प्लेटफॉर्म पर पहुंची थी।
आरोप है कि ट्रेन के एक कोच में तैनात आर्मी जवान अजित सिंह ने युवती को देखकर अचानक कोच का गेट खोलकर उसे अंदर खींच लिया। युवती ने विरोध करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दोबारा उसे कोच में खींचकर गेट बंद कर दिया और आपराधिक हरकत की।


कोच के भीतर से युवती की चीख-पुकार सुनकर मौके पर तैनात आरपीएफ हवलदार बीडी बोदरा और कांस्टेबल केके महतो ने तुरंत हस्तक्षेप किया। दोनों जवानों ने लगातार दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खुलते ही आरोपी ने दोबारा बंद करने की कोशिश की, जिसमें आरपीएफ जवान की उंगली घायल हो गई। इसके बाद बलपूर्वक दरवाजा खोलकर युवती को बाहर निकाला गया।
आरपीएफ के अनुसार आरोपी जवान नशे की हालत में था और उसने जवानों के साथ हाथापाई भी की। झड़प में दोनों पक्षों को चोटें आईं, लेकिन अंततः आरोपी को काबू में कर लिया गया। घटना की सूचना रांची आरपीएफ पोस्ट को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कुछ ही देर में टाटीसिलवे थाना पुलिस भी स्टेशन पहुंची। आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर जीआरपी के हवाले कर दिया, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।


आरोपी की पहचान आर्मी जवान अजित सिंह के रूप में हुई है, जो एमसीओ दिल्ली में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। वह प्रयागराज जिले के छिवकी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव का निवासी बताया गया है। उल्लेखनीय है कि टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर फिलहाल सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि, नामकुम और टाटीसिलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest