द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनाबथान (चतरो) गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव प्रेमिका के घर की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मनकडीहा गांव निवासी व वार्ड सदस्य मकबूल अंसारी के पुत्र 30 वर्षीय सोहेल अंसारी उर्फ शाहिल के रूप में की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर गणेश कुमार यादव और एएसआई बुद्धदेव उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटे हैं। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पिता मकबूल अंसारी ने बताया कि सोहेल का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक युवती से चल रहा था। इसको लेकर कई बार गांव में पंचायती भी हो चुकी थी। जिस घर की खिड़की से युवक का शव लटका मिला है, वह उसी युवती का घर बताया जा रहा है।
परिजन का कहना है कि युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश की गई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।
