द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोरायनाला दास टोला में एक 25 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की। मृतक की पहचान सुशांत दास के रूप में हुई है। सुशांत प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या करने से पहले सुशांत ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उसने खोरठा भाषा में लिखा था, "ससुराल के लोग मेरे चरित्र पर ऊंगली उठा रहे हैं। उन्हें पैसों का बहुत घमंड है।" यह पोस्ट सुशांत की आत्महत्या के पीछे की वजहों पर सवालिया निशान लगा रहा है। मृतक के पिता भूपेन दास ने बताया कि सुशांत की शादी 2 साल पहले निरसा की आरती से हुई थी। उनकी एक महीने की बेटी भी है, जो इस समय मायके में है। भूपेन दास ने आरोप लगाया कि आरती लगातार सुशांत को अनाप-शनाप बातें बोलकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। जब इस बारे में ससुराल वालों से बात की गई, तो उन्होंने उल्टा उन्हें ही दोषी ठहराया।
घटना की सूचना मिलने पर मिहिजाम पुलिस के एएसआई अरुण मल्लिक मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इस घटना ने इलाके में शोक का माहौल बना दिया है।
