द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास रहने वाली 19 वर्षीय अंजना कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हैं। यह घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय अंजना अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थी, जबकि उसके पिता बाहर काम से अपने दुकान गये हुए थे। बताया जाता है कि अंजना घटना से कुछ समय पहले अपनी मां से बातचीत कर रही थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गयी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।.jpg)
काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गये। अंजना कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी।
इधर, घटना के बाद परिजनों ने तत्काल सीतारामडेरा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अंजना को फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर बस्ती में घटी इस हृदयविदारक घटना के बाद कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिये एमजीएम भेज दिया गया है। फिलहाल अबतक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।