रांचीः
सहायक पुलिस जब मोरहाबादी मैदान में धरना दे रहे थे तो उस वक्त मांडर विधायक बंधु तिर्की ने ही उनका धरना खत्म करवाया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि 2 महीने में उनके सभी मांगो को पूरा किया जाएगा लेकिन 4 महीने गुजर जाने के बाद भी सहायक पुलिसकर्मियों के लिए अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई है। बता दें कि अपनी मांगो के साथ सहायक पुलिसकर्मियों ने 1 महीने से भी ज्यादा वक्त तक धरना किया था। 2021 के 27 सितंबर को वो मोरहाबादी मैदान धरना देने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं
आज जब बंधु तिर्की विधानसभा में पहुंचे हुए थे तो हमारे संवादाता ने उनसे सहायक पुलिसकर्मियों के बारे में सवाल किया कि 4 महीने गुजर चुके हैं आपने तो 2 महीने का समय मांगा था, इस पर बंधु तिर्की ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से लगातार इस विषय पर बात कर रहे हैं। इस पर काम हो रहा है। विधानसभा सत्र खत्म होते होते तक इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने सहायक पुलिसकर्मियों को धैर्य रखने को कहा है, वह बोले कि कोविड के कारण भी समय थोड़ा आगे पीछे हो गया है लेकिन जल्द ही मसले को सुलझा लिया जाएगा।
2 नवंबर को सहमति पत्र बनी थी
बता दें कि मोरहबादी मैदान में सहायक पुलिसकर्मी अपनी 8 मांगों के साथ धरना दे रहे थे। उस वक्त मांडर विधायक बंधु तिर्की ही उनके पास गये थे और 2 महीने का समय मांगा था। जिसके बाद सहायक पुलिसकर्मियों ने धरना खत्म किया था। इस वार्ता में यह निर्णय लिया गया था कि अगले 2 माह में सभी 8 सूत्री मांगों पर काम किया जाएगा। जिसमें सहायक पुलिस कर्मियों की सेवा, मानदेय, राज्य स्तर पर यूनिफॉर्म सर्विस रिजर्वेशन, दुर्घटनाग्रस्त होने पर शारीरिक दक्षता परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षा में छूट, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर मुआवजा राशि, जिला के बाहर प्रतिनियुक्त होने पर ta-da देना, आंदोलन के दरमियान हुए केस एवं कानूनी कार्रवाई अवकाश, आंदोलन की अवधि के मानदेय भुगतान की मांग शामिल है। 2 नवंबर 2021 को सहमति पत्र बनाई गई थी