logo

वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 10 हजार से 1 लाख तक लोगों के मरने की आशंका

नालह.jpg

द फॉलोअप डेस्क

वेनेजुएला में बुधवार शाम (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह) आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहले 7.2 और फिर कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। दोनों झटकों का केंद्र राजधानी कराकस से पश्चिम दिशा में स्थित क्षेत्र में था। भूकंप के बाद कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और राहत-बचाव कार्य जारी है।


USGS ने जताई भारी जनहानि की आशंका
USGS के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत की संभावना 44 प्रतिशत और एक लाख से ज्यादा मौतों की आशंका 30 प्रतिशत तक है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। हालांकि अब तक सरकार की ओर से मृतकों और घायलों के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।


एयरपोर्ट क्षतिग्रस्त, आफ्टरशॉक का खतरा बरकरार
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कराकस एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कई इमारतों में दरारें और ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 7.0 से अधिक तीव्रता वाले भूकंप बेहद विनाशकारी माने जाते हैं और इनके बाद आने वाले आफ्टरशॉक पहले से कमजोर संरचनाओं को और नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी कारण लोगों को क्षतिग्रस्त भवनों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

 

Tags - Venezuela Earthquake Caracas Disaster World News