द फॉलोअप डेस्क
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने अपने सहयोगियों को बताया है कि यह अभियान चार से छह हफ्तों के भीतर समाप्त किया जा सकता है। खास बात यह है कि यह फैसला होर्मुज स्ट्रेट को खोले बिना भी लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन अब इस रणनीति पर काम कर रहा है कि ईरान की नौसेना और मिसाइल क्षमताओं को सीमित कर मुख्य लक्ष्य हासिल कर लिया जाए। पहले जहां ट्रंप ने Strait of Hormuz को हर हाल में खुलवाने की बात कही थी, वहीं अब वह इसे प्राथमिकता नहीं मान रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका जबरन इसे खोलने की कोशिश करता, तो संघर्ष और लंबा खिंच सकता था।

ट्रंप का तर्क है कि अमेरिका अब मिडिल ईस्ट के तेल पर पहले जैसा निर्भर नहीं है। उनके मुताबिक, होर्मुज से गुजरने वाला करीब 84% तेल एशियाई देशों की ओर जाता है। ऐसे में इस मार्ग को खोलना एशिया और यूरोप के लिए ज्यादा अहम है, न कि अमेरिका के लिए।
गौरतलब है कि ट्रंप पहले कई बार ईरान को कड़ी चेतावनी दे चुके थे और यहां तक कहा था कि अगर होर्मुज में जहाजों की आवाजाही रोकी गई तो कड़ा सैन्य जवाब दिया जाएगा। लेकिन अब बिना इस जलडमरूमध्य को खुलवाए पीछे हटना उनके रुख में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इस बदलाव को रणनीतिक यू-टर्न के तौर पर देखा जा रहा है, जहां सैन्य दबाव बनाए रखते हुए युद्ध को सीमित करने की कोशिश की जा रही है।
