द फॉलोअप डेस्क
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार (12 जुलाई) देर रात एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए। कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास बचाव दल को मिली, जिसके बाद दमकल और राहत टीम मौके पर पहुंची। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से तेज लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रधानमंत्री ने उस म्यूजिशियन से भी बातचीत की, जो हादसे के समय पब में प्रस्तुति दे रहा था। उसके अनुसार सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच के पास आग लगी, जिसके बाद जोरदार धमाके हुए और कुछ ही मिनटों में आग तथा धुआं पूरे पब में फैल गया।

धुएं में फंसे लोग, पीछे और टॉयलेट की ओर भागे
म्यूजिशियन ने बताया कि आग फैलते ही लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से और टॉयलेट की ओर भागे, लेकिन वहीं धुएं में फंस गए। सबसे अधिक शव भी उसी हिस्से से बरामद किए गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी तबाही हो चुकी थी। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 60 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे दर्दनाक हादसे
थाईलैंड में इस तरह की आग की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी भीषण आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे की वजह आतिशबाजी को माना गया था।