logo

पिकनिक मनाने रीमिक्स फॉल पहुंचे दोस्त, डूबा रांची का छात्र; मातम

 पिकनिक मनाने रीमिक्स फॉल पहुंचे दोस्त, डूबा रांची का छात्र; मातम

द फॉलोअप डेस्क: 

खूंटी जिले के प्रसिद्ध और संवेदनशील पर्यटन स्थल रिमिक्स फॉल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पार्टी मनाने पहुंचे रांची के 20 वर्षीय छात्र निलेश कच्छप की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। निलेश डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा का रहने वाला था और सुशील कच्छप का पुत्र था। जानकारी के मुताबिक, निलेश शनिवार सुबह परिजनों से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह अपने 8-9 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने रिमिक्स फॉल पहुंचा। वहां मस्ती के दौरान निलेश नहाने के लिए पानी में उतरने लगा। मौके पर तैनात पर्यटक मित्रों ने उसे खतरे की चेतावनी दी और आगे जाने से मना किया, लेकिन निलेश ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। देखते ही देखते निलेश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव 

उसे डूबता देख दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों और पर्यटक मित्रों ने लाइफ जैकेट की मदद से पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर में निलेश को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस उसे तत्काल मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉ. कुमार आलोक बिहारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी युगेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रिमिक्स फॉल के कई खतरनाक हिस्सों को रेड जोन घोषित किया गया है। इन जगहों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन पर्यटक कई बार मनमानी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में उतर जाते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद निलेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

Tags - Rimix Fall Rimix Fall accident Khunti Rimix Fall Ranchi student death Nilesh Kachhap