logo

पाकिस्तान के कोहाट में मस्जिद के पास भीषण विस्फोट, 15 की मौत और 56 लोग घायल

पाकिस्तान के कोहाट में मस्जिद के पास भीषण विस्फोट, 15 की मौत और 56 लोग घायल

द फॉलोअप डेस्क:

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को एक मस्जिद में जोरदार बम धमाका हुआ। इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 56 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 10 आम नागरिक शामिल हैं। घायलों में ज्यादातर मस्जिद में मौजूद नमाजी बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, धमाका उस समय हुआ जब एक हमलावर ने विस्फोटक से लदी गाड़ी को पुलिस कार्यालयों की इमारत के पास स्थित मस्जिद से टकरा दिया। ये इलाका अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आता है। प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने बताया कि घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमाके के बाद दो हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस परिसर में घुसने की भी कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ गोलीबारी हुई। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की।

किस संगठन ने किया हमला?

घटना की तस्वीरों में पुलिस कार्यालय की बाहरी दीवार का एक हिस्सा ढहा हुआ नजर आया। वहीं, धमाके से मस्जिद को भी काफी नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के कई इलाकों में सुनाई दी। धमाके के बाद मौके से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ देर तक गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दीं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की है। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिया। फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, शुरुआती तौर पर शक पाकिस्तानी तालिबान यानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, टीटीपी पर जताया जा रहा है। ये संगठन पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान के पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को निशाना बनाकर कई हमले कर चुका है। ये हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में सुरक्षा बलों और आतंकवादी संगठनों के बीच हिंसा बढ़ी है। गुरुवार को ही उत्तर-पश्चिमी हंगू जिले में सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर सड़क किनारे बम विस्फोट किया गया था। इस हमले में छह सैनिकों की मौत हुई थी।

सुरक्षा बलों ने मार गिराए 10 आतंकवादि

इसके अलावा गुरुवार को सुरक्षा बलों ने अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर 10 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया था। सैन्य अधिकारियों और पुलिस के अनुसार, मारे गए लोगों के पाकिस्तानी तालिबान से जुड़े होने का संदेह था। पाकिस्तानी तालिबान का इतिहास पाकिस्तान में कई बड़े हमलों से जुड़ा रहा है। साल 2023 में खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में एक मस्जिद के अंदर आत्मघाती हमले में 101 लोगों की मौत हुई थी। टीटीपी और अफगानिस्तान में सत्ता पर काबिज तालिबान अलग-अलग संगठन हैं, हालांकि दोनों के बीच संबंध और गठजोड़ माना जाता है। अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता में वापसी 2021 में हुई थी। पाकिस्तान अक्सर अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर टीटीपी को पनाह देने और सीमा पार से होने वाले हमलों को रोकने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, काबुल इन आरोपों से इनकार करता रहा है। फिलहाल कोहाट मस्जिद धमाके की जांच जारी है और हमले के पीछे कौन था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
 

 

Tags - Pakistan Mosque Blast Kohat Mosque Blast Pakistan Bomb Blast Kohat Blast Khyber Pakhtunkhwa