द फॉलोअप डेस्क
इंडोनेशिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जावा शहर में एक बस हादसे में 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। ये घटना 21-22 दिसंबर की बीती रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस 34 लोगों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान बस ने रोड पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस कंक्रीट के बैरियर से टकरा गई। 
जानकारी के मुताबिक घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख बुडियोनो से मिली जानकारी के मुताबिक बस राजधानी जकार्ता से देश के योग्यकार्ता जा रही थी। इसी दौरान सेमारंग शहर के पास एक एग्जिट टोल के पास बस पलट गई। बुडियोनो ने जानकारी दी कि कई हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए सेमारंग शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
घटना के होने के लगभग 40 मिनट बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और मौके पर छह यात्रियों के शव बरामद किए। बुडियोनो ने बताया कि अस्पताल ले जाने और इलाज के दौरान 10 अन्य लोगों की भी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक अस्पताल में 18 घायलों का इलाज जारी है, जिसमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।