logo

एशियन गेम्स में जोगा पूर्ति का कमाल, 7.28 सेकंड में 15 मीटर की दीवार चढ़कर बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

एशियन गेम्स में जोगा पूर्ति का कमाल, 7.28 सेकंड में 15 मीटर की दीवार चढ़कर बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

जमशेदपुर: 
Jamshedpur athlete: जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स (Asian Games) में जमशेदपुर की एथलीट जोगा पूर्ति(Joga purti) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला स्पीड क्लाइंबिंग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) की खिलाड़ी जोगा ने मंगलवार को महज 7.28 सेकंड में 15 मीटर ऊंची वर्टिकल दीवार पर चढ़कर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में नौवां स्थान हासिल किया और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। जोगा पूर्ति का यह पहला एशियन गेम्स (Asian Games) है और अपने डेब्यू में ही उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा है। पोर्टमेस्से नागोया एग्जीबिशन हॉल में आयोजित महिला स्पीड क्लाइंबिंग के क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 17 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

7.28 सेकंड में पूरी की 15 मीटर की चढ़ाई
स्पीड क्लाइंबिंग में खिलाड़ियों को 15 मीटर ऊंची दीवार पर सबसे कम समय में ऊपर पहुंचना होता है। यह दो खिलाड़ियों के बीच सीधी रेस होती है, जिसमें कुछ सेकंड का अंतर भी परिणाम तय कर सकता है। जोगा ने 7.28 सेकंड का समय निकालकर न केवल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, बल्कि इस स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। क्वालिफिकेशन में जोगा से आगे रहने वाली अधिकांश खिलाड़ियों ने छह सेकंड के आसपास का समय दर्ज किया। अब बुधवार को होने वाले नॉकआउट मुकाबले में जोगा का सामना शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से होगा।

एशियन गेम्स में भारत को अब तक नहीं मिला है पदक
स्पीड क्लाइंबिंग में भारत को एशियन गेम्स में अब तक कोई पदक नहीं मिला है। ऐसे में जोगा पूर्ति का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हालांकि, क्वार्टर फाइनल में उनके सामने विश्व स्तर की अनुभवी खिलाड़ी होंगी, इसलिए मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है। महिला स्पीड क्लाइंबिंग के अलावा पुरुष वर्ग में भी भारत की चुनौती जारी है। 28 वर्षीय दीपू मल्लेश पुरुष स्पीड क्लाइंबिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बुधवार को होगा।

महिला स्पीड क्लाइंबिंग क्वालिफिकेशन के टॉप-10 खिलाड़ी
लिजुआन डेंग (चीन) – 6.23 सेकंड
जिमिन जियोंग (दक्षिण कोरिया) – 6.25 सेकंड
देसाक मेड रीता (इंडोनेशिया) – 6.32 सेकंड
याफेई झोउ (चीन) – 6.54 सेकंड
राजियाह सल्सबिल्लाह (इंडोनेशिया) – 6.58 सेकंड
नुरुल इक़ामह (इंडोनेशिया) – 6.70 सेकंड
कारिन हयाशी (जापान) – 6.85 सेकंड
एसेल मार्लेनोवा (कजाकिस्तान) – 7.02 सेकंड
जोगा पूर्ति (भारत) – 7.28 सेकंड (नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड)
मह्या दाराबियन (ईरान) – 7.50 सेकंडजोगा पूर्ति के इस प्रदर्शन से जमशेदपुर और झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह है। अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाले नॉकआउट मुकाबले पर हैं, जहां जोगा अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए पदक की दिशा में कदम बढ़ाने की कोशिश करेंगी।

Tags - Joga PurtiAsian GamesSpeed ClimbingNational RecordTSAF