द फॉलोअप डेस्क/ स्पोर्ट्स
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान (Pakistan) को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल (Gold Medal) अपने नाम कर लिया। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके बाद तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत में तेजी से रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी और भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा बरकरार रखा। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में अपना खिताब भी डिफेंड कर लिया। भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें फाइनल से पहले टूर्नामेंट में अजेय थीं और गोल्ड मेडल के इस मुकाबले में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।