logo

बिना मैच खेले कैसे एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, कौन सा नियम आया काम!

बिना मैच खेले कैसे एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, कौन सा नियम आया काम!

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने बिना एक भी गेंद खेले सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच 28 सितंबर को होने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। खराब मौसम की वजह से मैच शुरू ही नहीं हो सका। यहां तक कि टॉस भी नहीं हुआ और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। मुकाबला रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल गई।
भारत को एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करनी थी। जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बारिश के कारण मैदान पर खेल संभव नहीं हो पाया। एशियन गेम्स के नॉकआउट मुकाबलों के लिए ऐसी स्थिति में, जब बारिश या किसी अन्य कारण से मैच का परिणाम नहीं निकल पाता है, बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में भेजने का प्रावधान है। भारत की टी20 रैंकिंग अफगानिस्तान से काफी बेहतर होने के कारण उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।


ICC रैंकिंग में भारत नंबर-1
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में उसकी ICC टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग ने अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम मौजूदा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें पायदान पर है। इसी बेहतर रैंकिंग के चलते बारिश से मुकाबला रद्द होने के बाद भारत को फायदा मिला। खास बात यह है कि भारत से पहले पाकिस्तान भी इसी नियम के तहत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। पाकिस्तान और हांगकांग, चीन के बीच खेला जाने वाला पहला क्वार्टर फाइनल भी बारिश की वजह से रद्द हो गया था। पाकिस्तान की टी20 रैंकिंग हांगकांग से बेहतर होने के कारण उसे भी बिना मैच खेले अगले दौर में प्रवेश मिला। पाकिस्तान रैंकिंग में छठे और हांगकांग 24वें स्थान पर है।


अब खिताब बचाने पर भारत की नजर
भारतीय टीम एशियन गेम्स में मौजूदा पुरुष क्रिकेट चैंपियन है। 2023 में भारत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब टीम के सामने अपने खिताब का बचाव करने का मौका है। हालांकि 2026 एशियन गेम्स में भारत का पहला ही मुकाबला बारिश की वजह से नहीं हो सका, लेकिन टीम सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना नेपाल या श्रीलंका में से किसी एक टीम से हो सकता है।

Tags - Asian Games 2026 India Cricket Team India Semifinal Afghanistan Cricket T20 Cricket