द फॉलोअप डेस्क:
एशियन गेम्स 2026 के आगाज में अब महज 9 दिन बाकी हैं, लेकिन मेजबान जापान इस वक्त भारी बारिश और बाढ़ से जूझ रहा है। आईची और नागोया में रिकॉर्ड बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है। नागोया में 104 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हुई बारिश के बाद लेवल-5 का हाई फ्लड अलर्ट जारी करना पड़ा। सड़कों, इमारतों और मेट्रो स्टेशनों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

क्या तय समय पर शुरू हो पाएगा एशियन गेम्स?
इसका असर एशियन गेम्स की तैयारियों पर भी पड़ा है। नागोया पोर्ट के गार्डन पियर इलाके में एथलीटों के लिए बनाए गए अस्थाई कंटेनर आवासों में पानी भर गया और छतों से पानी टपकने लगा। सुरक्षा को देखते हुए फिलीपींस समेत कई देशों के करीब 400 खिलाड़ियों और स्पोर्ट्स स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। बस और सबवे सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जबकि करीब 3500 लोगों को इमरजेंसी शेल्टर में जाना पड़ा। हालांकि नागोया के मेयर इचीरो हिरोसावा ने कहा है कि सभी एथलीट सुरक्षित हैं और 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले खेल तय समय पर ही होंगे।

एशियन गेम्स के लिए भारत है पूरी तरह तैयार
वहीं, भारत भी एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत 36 खेलों में 503 खिलाड़ियों समेत 768 सदस्यीय दल भेज रहा है। हांगझोंग एशियन गेम्स में 106 मेडल जीतने वाला भारत इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाने के इरादे से उतरेगा। अब सबसे बड़ी चुनौती जापान के सामने है कि वो प्राकृतिक आपदा के बीच बाकी तैयारियां कितनी जल्दी संभालता है और एशियन गेम्स का सफल आयोजन कैसे सुनिश्चित करता है।