logo

पाकिस्तान में वायुसेना ने गिराया बम, महिलाओं और बच्चों समेत 30 की मौत

bamm.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार तड़के पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम 30 नागरिकों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह हमला तड़के करीब 2 बजे तिराह घाटी स्थित मत्रे दारा गांव पर हुआ, जहां लड़ाकू विमानों से आठ बम गिराए गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हमले चीनी तकनीक से बने JF-17 लड़ाकू विमानों से किए गए थे, जिनमें LS-6 श्रेणी के विनाशकारी बमों का इस्तेमाल हुआ। इस हमले में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि कई अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तभी जोरदार धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बमबारी से गांव का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। घटना के बाद से अब तक पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय मीडिया में प्रसारित तस्वीरें और वीडियो काफी विचलित करने वाले हैं, जिनमें मृत बच्चों सहित कई शव बिखरे हुए देखे जा सकते हैं।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से उग्रवाद और आतंकी गतिविधियों का केंद्र रहा है। पाकिस्तान सरकार इस क्षेत्र में पहले भी कई आतंकवाद-रोधी अभियान चला चुकी है, जिनमें आम नागरिकों के हताहत होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 की जनवरी से अगस्त के बीच खैबर पख्तूनख्वा में 605 आतंकी घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 138 नागरिकों और 79 पुलिसकर्मियों की जान गई। अकेले अगस्त महीने में 129 आतंकी घटनाएं हुईं, जिनमें पाकिस्तानी सेना और अर्धसैनिक बलों के छह जवान मारे गए। हालिया हमले को लेकर यह अनुमान भी लगाया जा रहा है कि यह कार्रवाई आतंकियों के संभावित ठिकानों को निशाना बनाकर की गई हो। हालांकि, इसमें नागरिकों की जान जाना कई सवाल खड़े करता है।