द फॉलोअप डेस्क
नए साल की शुरुआत स्विट्जरलैंड के लिए एक भीषण त्रासदी के साथ हुई है। देश के प्रसिद्ध क्रान्स-मोंटाना स्की रिजॉर्ट स्थित एक बार में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 110 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने इस हादसे को स्विट्जरलैंड के इतिहास की सबसे गंभीर घटनाओं में से एक करार दिया है। पुलिस के अनुसार, घायलों में बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें सियोन, लॉज़ेन, ज्यूरिख और जिनेवा के प्रमुख अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग रात करीब 1:30 बजे लगी, उस समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आग फैलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया और राहत-बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलौड ने बताया कि मामले की जांच में समय लगेगा और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पूरे देश के लिए बड़ा सदमा बताया है। सरकार ने मृतकों की स्मृति में राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और संघीय भवन पर झंडा आधा झुकाने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रपति ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

वैलिस कैंटन प्रशासन ने हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में आपातकाल घोषित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ितों की पहचान करना एक जटिल प्रक्रिया है और आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी। अधिकारियों के अनुसार, पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।