रांची:
Jac Exam Update: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षाएं फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। संभावित तारीख पांच फरवरी 2027 बताई जा रही है। परीक्षाओं को फरवरी के तीसरे सप्ताह तक समाप्त करने की योजना है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन भरे जा सकेंगे। वहीं, 27 नवंबर से चार दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने का अवसर मिलेगा। जैक ने परीक्षा और आवेदन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जैक इस बार फरवरी में ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पूरी करने की तैयारी में है। इसके बाद अप्रैल के अंत तक मैट्रिक और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों विज्ञान, कला और वाणिज्य के परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम भी इसी महीने के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है।

राज्यभर से 7.50 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल
मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में राज्यभर से 7.50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने का अनुमान है। मैट्रिक में लगभग 4.30 लाख परीक्षार्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, इंटरमीडिएट के विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों को मिलाकर करीब 3.30 लाख छात्र-छात्राओं के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। पिछले कुछ वर्षों में भी परीक्षार्थियों की संख्या इसी के आसपास रही है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा
जैक फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं भी आयोजित करेगा। इन परीक्षाओं में ओएमआर शीट का इस्तेमाल किया जाएगा। नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं मैट्रिक और इंटरमीडिएट के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जैक को अलग से परीक्षा संबंधी तैयारियां करनी होंगी। सरकार ने जैक को निर्देश दिया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले प्रकाशित किया जाए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश और नामांकन के दौरान किसी तरह की परेशानी या देरी से बचाना है। साथ ही, छात्रों का शैक्षणिक नुकसान भी नहीं होने देना है।