logo

रांची में आज नगरकीर्तन को लेकर ट्रैफिक में बदलाव, कई रास्ते बंद; घर से निकलने से पहले जान लें रूट

रांची में आज नगरकीर्तन को लेकर ट्रैफिक में बदलाव, कई रास्ते बंद; घर से निकलने से पहले जान लें रूट

रांची: 
Ranchi News:
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को निकाले जाने वाले नगरकीर्तन को लेकर रांची शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और शोभायात्रा के दौरान सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन और प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने शनिवार को इससे संबंधित आदेश जारी किया। इसके अनुसार, 22 नवंबर की सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

नगरकीर्तन के दौरान कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद
नगरकीर्तन के दौरान दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक मेन रोड में वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान रेडियम चौक से शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, रतन टॉकिज होते हुए सुजाता चौक तक सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वहीं, पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक इस मार्ग पर प्रतिबंध
22 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, शोभायात्रा के दौरान शहरवासियों से बिरसा मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, वूल हाउस कटिंग, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी चौक और सुजाता चौक मार्ग का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

भारी वाहनों के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल
सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। इस दौरान शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नगरकीर्तन के दौरान कुछ अन्य मार्गों को भी जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जा सकता है।

श्रद्धालुओं के लिए यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
नगरकीर्तन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को राम बिलास पेट्रोल पंप के बगल में स्थित सुरजीत मोटर गैरेज और शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्क कर सकते हैं। वहीं, दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक मेन रोड में वाहनों का परिचालन नहीं होगा।

नगरकीर्तन मार्ग से अवैध पार्किंग और होर्डिंग हटाए जाएंगे
प्रकाश पर्व को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल से सुजाता चौक तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की साफ-सफाई, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभातफेरी से पहले मार्ग की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क करने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। नगर आयुक्त ने सुजाता चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगे अनधिकृत विज्ञापन पट्ट, मोनोपोल और होर्डिंग हटाने की हिदायत दी। इसके लिए हाईकोर्ट के आदेश और नगर निगम के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Ranchi TrafficNagar KirtanTraffic DiversionPrakash ParvTraffic Advisory