logo

'केंद्र सरकार खुला सांड हो गई है', मिथिलेश ठाकुर बोले- आदिवासी सीटें घटाने की कोशिश हुई तो चुप नहीं बैठेगी JMM

'केंद्र सरकार खुला सांड हो गई है', मिथिलेश ठाकुर बोले- आदिवासी सीटें घटाने की कोशिश हुई तो चुप नहीं बैठेगी JMM

गढ़वा: 
Garhwa News:
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि फिलहाल परिसीमन बिल लाने का कोई औचित्य नहीं था, इसके बावजूद केंद्र सरकार इसे संसद में लाने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा परिसीमन बिल का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन इसके जरिए अगर झारखंड में आदिवासी विधानसभा सीटों की संख्या घटाई जाती है, तो पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। ये बातें उन्होंने अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।

केंद्र सरकार पर मनमानी करने का लगाया आरोप
मिथिलेश कुमार ठाकुर ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "केंद्र सरकार खुला सांड हो गई है, जो मन में आ रहा है, वही कर रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि दबे-कुचले और वंचित वर्गों की आवाज सदन में उठे। केंद्र सरकार हर उस आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जो उसके खिलाफ उठती है। उन्होंने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश बताया।

आदिवासी प्रतिनिधित्व कम हुआ तो JMM करेगी विरोध
मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन आदिवासी और मूलवासी समाज के हितों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। राज्य गठन का मकसद यह भी था कि इस समाज के लोग विधानसभा और लोकसभा में अपनी आवाज बुलंद कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर परिसीमन के बाद आदिवासी समाज के प्रतिनिधित्व पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है, तो पार्टी को इस प्रक्रिया से कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि अगर इसके पीछे केंद्र सरकार की कोई गलत मंशा या साजिश है और झारखंड में आदिवासी विधानसभा सीटों की संख्या घटाने का प्रयास किया जाता है, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करेगा।

परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया, लेकिन उद्देश्य पर सवाल जरूरी
पूर्व मंत्री ने कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जो समय-समय पर होती रहती है। हालांकि, इसके उद्देश्य और परिणाम पर सवाल उठना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के नाम पर आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Tags - JMMMithilesh ThakurDelimitation BillJharkhand PoliticsTribal Seats