देवघर:
Deoghar News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उनके मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रेमियों और श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता देखने को मिली।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
ईशान किशन ने बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले ईशान किशन आज बाबा बैद्यनाथ की नगरी में भक्ति के रंग में नजर आए।
वनडे में दोहरा शतक जड़कर रचा था इतिहास
ईशान किशन भारतीय क्रिकेट का एक जाना-पहचाना नाम हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर ईशान किशन ने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ महज 126 गेंदों में 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस उपलब्धि के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खास पहचान बनाने में सफल रहे।
देशभर से बाबा के दरबार में पहुंचते हैं श्रद्धालु
देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यहां देशभर से श्रद्धालु और कई जानी-मानी हस्तियां बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचती हैं। भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन का देवघर आगमन भी शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।