logo

झारखंड में मतदाता सूची से नाम हटाने से पहले होगा डोर-टू-डोर सत्यापन, CEO के. रवि कुमार ने दिए निर्देश

झारखंड में मतदाता सूची से नाम हटाने से पहले होगा डोर-टू-डोर सत्यापन, CEO के. रवि कुमार ने दिए निर्देश

रांची: 
Jharkhand Sir Update News: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन विभाग ने सत्यापन प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को आयोजित ‘एक और अवसर’ कैंप के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ASDD और दो बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले मतदाताओं के घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया का जायजा लिया।

डोर-टू-डोर सत्यापन में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पाया कि डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन का काम संतोषजनक तरीके से नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई मतदाताओं के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन बीएलओ और संबंधित पदाधिकारी उनसे संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी के अभाव में किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।

18 साल पूरे होने के बाद भी कई युवाओं का नाम सूची से गायब
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने युवा मतदाताओं और आम नागरिकों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। इस दौरान कई ऐसे युवा मिले, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। इस पर उन्होंने राज्य के सभी ELC को युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही विशेष कार्यक्रम और कैंप आयोजित कर पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने को कहा।

नाम हटाने से पहले सत्यापन और कारण सहित आदेश जरूरी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता को अंतिम मतदाता सूची से अपात्र घोषित कर हटाने से पहले डोर-टू-डोर सत्यापन करना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से सकारण आदेश की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध दस्तावेजों और निर्धारित वैकल्पिक सत्यापन प्रक्रियाओं की जांच की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।               निरीक्षण के दौरान हटिया विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand NewsSIR 2026Voter ListK Ravi KumarElection Commission