द फॉलोअप डेस्क:
New Delhi: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा स्थापित पलाश पवेलियन का आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीण महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों और महिला सशक्तीकरण का संदेश राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचा। उद्घाटन समारोह में माननीय उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, JSLPS श्री अनन्य मित्तल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सखी मंडल की दीदियों से किया संवाद
पलाश पवेलियन के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने वहां लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सखी मंडल की दीदियों से संवाद कर उनके उत्पादों, उद्यमों एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उल्लेखनीय है कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 में इस वर्ष झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में स्थान दिया गया है। झारखंड पवेलियन में ब्रांड पलाश एवं आदिवा के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

पलाश पवेलियन में 18 स्टॉल, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी
पलाश पवेलियन में कुल 18 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सखी मंडल से जुड़ी ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। इनमें हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद, खाद्य एवं गैर-खाद्य उत्पादों के साथ ट्रैवल ज्वेलरी ब्रांड आदिवा के उत्पाद भी शामिल हैं। पवेलियन का प्रमुख आकर्षण पलाश हनी वैल्यू चेन के तहत उपलब्ध पलाश वाइल्ड हनी है। इसके अलावा झारखंड के विशिष्ट जीरा फूल चावल, ब्राउन एग्स सहित कई स्थानीय एवं विशिष्ट उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
उत्पादन से बिक्री तक ग्रामीण महिलाएं संभाल रहीं पूरी वैल्यू चेन
इस पहल की खासियत यह है कि उत्पादों के उत्पादन एवं संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, विपणन और बिक्री तक की पूरी वैल्यू चेन का संचालन ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा किया जा रहा है। इससे महिलाओं को अपने उद्यमों के विस्तार और उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के नए अवसर मिल रहे हैं।
ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता का प्रतीक बना पलाश
झारखंड सरकार की पहल और JSLPS के माध्यम से विकसित पलाश आज ग्रामीण महिलाओं के सामूहिक श्रम, हुनर और उद्यमशीलता का सशक्त ब्रांड बनकर उभरा है। IITF जैसे प्रतिष्ठित मंचों के माध्यम से पलाश झारखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ग्रामीण महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पलाश केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तीकरण का प्रतीक है। यह पहल राज्य की ग्रामीण महिलाओं की श्रम-शक्ति को सम्मान और उनके उद्यमों को नई पहचान दिलाने के संकल्प को साकार कर रही है।