logo

किसानों पर मुसीबत बनकर टूटा मौसम, 'अकवान' की बारिश में डूब गई खेतों में खड़ी धान की फसल!

किसानों पर मुसीबत बनकर टूटा मौसम, 'अकवान' की बारिश में डूब गई खेतों में खड़ी धान की फसल!

नंदलाल तुरी/पाकुड़:

Jharkhand News: कुदरत जब अपना कहर बरपाती है तो इंसान की सारी मेहनत, उम्मीदें और सपने पलभर में बिखर जाते हैं। इस दर्द को शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। इसका एहसास सिर्फ उसी इंसान को होता है, जिसके जीवन की वर्षों की कमाई और महीनों की मेहनत उसकी आंखों के सामने तबाह हो जाती है। आज कुछ ऐसी ही बेबसी और लाचारी पाकुड़ के किसानों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है। जिस खेत में कुछ दिन पहले तक सुनहरे भविष्य की उम्मीदें लहलहा रही थीं, आज वही खेत पानी में डूबे हुए किसानों की बर्बादी की कहानी बयां कर रहे हैं।

गुरुवार से हुई लगातार बारिश में डूबी फसल
गुरुवार से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर ऐसा पानी फेर दिया है कि अब उनके सामने सिर्फ बर्बादी का मंजर है। महीनों तक दिन-रात मेहनत करके तैयार की गई धान की फसल खेतों में डूब चुकी है। जिन बालियों को देखकर किसानों के चेहरे पर मुस्कान आती थी, आज उन्हीं बालियों को पानी में डूबा देखकर उनकी आंखें नम हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि बड़ी संख्या में किसानों की धान की फसल अब घर ले जाने लायक भी नहीं बची है। इस दर्द की जमीनी हकीकत जानने और किसानों की पीड़ा समझने के लिए जब हम खेतों के बीच पहुंचे तो वहां का नजारा किसी को भी भीतर तक झकझोर देने वाला था। दूर-दूर तक खेतों में पानी भरा हुआ था। धान की खड़ी फसल पानी में डूबी हुई थी। कुछ किसानों ने बारिश के बीच किसी तरह धान की कटाई तो कर ली थी, लेकिन मौसम ने उन्हें अपनी उपज घर तक पहुंचाने का मौका भी नहीं दिया।

कटी हुई धान की फसल खेतों में ही पड़ी रही और देखते ही देखते वह भी पानी में डूब गई।

खेतों में खड़े होकर किसानों की आंखों में झांकने पर उनकी पीड़ा साफ महसूस हो रही थी। उनके लिए यह सिर्फ धान की फसल का नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे साल की मेहनत, परिवार की उम्मीद और आने वाले दिनों के जीवनयापन का सवाल है।

किसानों ने धान की खेती के लिए कर्ज लिया था
किसानों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि खेती के लिए उन्होंने ग्रुप लोन, कृषि ऋण और दूसरे माध्यमों से कर्ज लिया था। किसी ने उधार पैसे लेकर बीज और खाद खरीदे, तो किसी ने कर्ज लेकर खेतों में मेहनत की। उन्हें उम्मीद थी कि इस बार अच्छी फसल होगी, धान घर आएगा और उसी से कर्ज की किस्तें चुकाने के साथ परिवार की जरूरतें पूरी होंगी। लेकिन लगातार बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों को तोड़ दिया।अब किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब खेत से धान ही घर नहीं आएगा तो कर्ज की किस्तें कैसे चुकाएंगे? बच्चों की पढ़ाई, परिवार का राशन, दवा और रोजमर्रा की जरूरतें कैसे पूरी होंगी? जिन पैसों को फसल बेचकर चुकाने की योजना बनाई थी, अब उसी कर्ज का बोझ उनके सिर पर खड़ा है। फसल बर्बाद होने के साथ ही उनके सामने आर्थिक संकट भी गहराने लगा है।

किसानों का कहना है कि खेती उनके लिए सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि परिवार की जिंदगी चलाने का सबसे बड़ा सहारा है। सालभर की जरूरतें इसी फसल पर निर्भर रहती हैं। लेकिन इस बार प्रकृति की मार ने उन्हें ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा।

किसानों ने जनप्रतिनिधियों-प्रशासन से लगाई गुहार
दर्द से टूट चुके किसानों ने स्थानीय विधायक, सांसद, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार ही उनका सहारा बन सकती है। किसानों ने मांग की है कि खेतों में हुई फसल क्षति का तत्काल आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।किसानों ने भावुक होकर कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ उन्होंने कर्ज लेकर धान की खेती की थी। उन्हें भरोसा था कि फसल अच्छी होगी तो परिवार का भरण-पोषण भी होगा और कर्ज भी चुका देंगे। लेकिन अब पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है। ऐसे में वे आखिर कहां से कर्ज चुकाएंगे? अगर सरकार ने समय रहते मदद नहीं की तो उनके सामने परिवार चलाना भी मुश्किल हो जाएगा।

बारिश रुकने से नहीं होगी नुकसान की भरपाई
आज पाकुड़ के खेतों में भरा पानी सिर्फ धान की फसल को नहीं डुबो रहा, बल्कि उन परिवारों की उम्मीदों को भी अपने साथ बहा ले जा रहा है, जिन्होंने महीनों तक पसीना बहाकर एक बेहतर कल का सपना देखा था। किसान आसमान की ओर देखकर बारिश रुकने की दुआ कर रहे हैं, लेकिन अब सिर्फ बारिश रुक जाना उनके नुकसान की भरपाई नहीं कर सकता।जरूरत है कि जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वे कराए, वास्तविक फसल क्षति का आकलन करे और सरकारी प्रावधानों के तहत किसानों को राहत पहुंचाने की पहल करे। साथ ही कृषि ऋण और ग्रुप लोन के बोझ से दबे किसानों को राहत दिलाने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं।क्योंकि किसान सिर्फ अपने लिए नहीं उगाता, वह पूरे समाज का पेट भरता है। जब वही किसान अपनी बर्बाद फसल के सामने खड़ा होकर यह सवाल पूछने लगे कि अब अपने बच्चों को कैसे खिलाएंगे और कर्ज कैसे चुकाएंगे, तो यह सिर्फ उसकी निजी परेशानी नहीं, बल्कि पूरे समाज और व्यवस्था के सामने एक गंभीर सवाल है।

आज किसानों को भाषण, आश्वासन और सहानुभूति से ज्यादा जरूरत ठोस मदद की है। उनकी आंखों में फिर से उम्मीद लौटे, उनके घरों में चूल्हा जलता रहे और कर्ज के बोझ तले दबकर उनका हौसला न टूटे, इसके लिए अब सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ आगे आना होगा।
 

Tags - Jharkhand Weather ForecastJharkhand Farmer NewsJharkhand Cyclone AkwanJharkhand Pakur NewsPakur News