द फॉलोअप डेस्क:
Tiger Shroff Dance: बॉलीवुड (Bollywood) एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) हालिया हमले के बाद पहली बार एक इवेंट में स्टेज पर परफॉर्म करते नजर आए। मुंबई (Mumbai) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में टाइगर अपने दमदार डांस मूव्स से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे थे। इस दौरान वह शर्टलेस लुक में लाल और सफेद रंग की पारंपरिक धोती-स्टाइल पैंट पहने नजर आए। उनके साथ बैकग्राउंड डांसर्स भी पूरे तालमेल के साथ परफॉर्म कर रहे थे। हालांकि, इस परफॉर्मेंस के बीच अचानक एक ऐसा मेहमान स्टेज पर पहुंच गया, जिसने सारी लाइमलाइट अपने नाम कर ली। यह मेहमान कोई और नहीं, बल्कि इंटरनेट पर मशहूर 'डॉगेश भाई' यानी एक कुत्ता था।

टाइगर के डांस के बीच डॉगेश भाई की एंट्री
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि टाइगर श्रॉफ पूरे जोश के साथ स्टेज पर डांस कर रहे हैं। तभी एक कुत्ता बिना किसी परेशानी के स्टेज पर आ जाता है। तेज म्यूजिक, चमकती लाइट्स और दर्शकों की भीड़ के बीच वह बिल्कुल बेफिक्र अंदाज में टहलता हुआ टाइगर के बगल से गुजर जाता है और स्टेज के आगे की तरफ बढ़ जाता है। इस दौरान टाइगर श्रॉफ भी अपना डांस जारी रखते हैं। कुत्ते की इस अचानक एंट्री और टाइगर के लगातार डांस करते रहने के अंदाज ने इस पूरे वीडियो को बेहद मजेदार बना दिया है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे
वीडियो सामने आने के बाद इंस्टाग्राम पर यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने टाइगर की सुरक्षा पर चुटकी लेते हुए लिखा कि 'डॉगेश भाई उन्हें प्रोटेक्शन देने के लिए वहां मौजूद हैं।' वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, 'शो डॉगेश भाई का था, ये तो बस डांस करने आए थे।' एक अन्य यूजर ने वीआईपी एंट्री पर तंज कसते हुए लिखा कि आम लोगों के लिए गेट बंद रहते हैं, लेकिन डॉगेश भाई के लिए हर जगह एंट्री खुली रहती है। इसके अलावा एक यूजर ने मजाक में लिखा कि अब टाइगर के रेस में कुत्ते भी दौड़ने लगे हैं। वहीं, किसी ने इसे खास गेस्ट अपीयरेंस बताया। फिलहाल, टाइगर के डांस से ज्यादा डॉगेश भाई की यह सरप्राइज एंट्री सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रही है।