logo

Ranbir Kapoor Ramayana : TV के 'लक्ष्मण' सुनील लहरी को नहीं भायी रणबीर की 'रामायण', जताई नाराजगी

TV के 'लक्ष्मण' सुनील लहरी को नहीं भायी रणबीर की 'रामायण', जताई नाराजगी

द फॉलोअप डेस्क:
Ranbir Kapoor Ramayana: रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' (Ramayana Part 1) इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। 5 नवंबर 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म को उसके भव्य सेट, शानदार विजुअल्स और वीएफएक्स (VFX) के लिए खूब सराहना मिल रही है। हालांकि, फिल्म की कहानी, संवाद और कुछ किरदारों के चित्रण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब इस पर रामानंद सागर (Ramanand Sagar) की ऐतिहासिक टीवी सीरीज 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फिल्म की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही इसकी कुछ ऐसी कमियां भी गिनाईं, जो उनके मुताबिक रामायण की मूल भावना से जुड़ी हैं। 

VFX और भव्यता की तारीफ, लेकिन भावनात्मक दृश्यों से निराश

सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि उन्होंने रणबीर कपूर की नई रामायण देखी है। फिल्म के बड़े बजट, विश्वस्तरीय वीएफएक्स और शानदार फिल्मांकन की उन्होंने खुलकर तारीफ की। उनका कहना है कि फिल्म में सभी कलाकारों ने अपने किरदारों को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाया है। कुछ दृश्य भी उन्हें काफी शानदार लगे। हालांकि, सुनील लहरी को फिल्म के भावनात्मक दृश्यों और संवादों में कमी महसूस हुई। उनके अनुसार, रामायण जैसे विषय पर फिल्म बनाते समय उन प्रसंगों और संवादों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, जो दर्शकों के मन में भक्ति और भावनात्मक जुड़ाव पैदा करते हैं। 

अहिल्या और परशुराम प्रसंग को लेकर उठाए सवाल

फिल्म की कमियों के बारे में बात करते हुए सुनील लहरी ने कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परशुराम वाला दृश्य उन्हें कमजोर लगा, जबकि अहिल्या वाला प्रसंग फिल्म में नजर नहीं आया। इसके अलावा, शूर्पणखा और भगवान राम के बीच होने वाले संवाद को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया। उनका मानना है कि शूर्पणखा जिस तरह भगवान राम को संबोधित करती हैं, वह उन्हें उचित नहीं लगा। इसी तरह माता सीता के भगवान राम को संबोधित करने का तरीका भी उन्हें पसंद नहीं आया। सुनील लहरी के मुताबिक, फिल्म के कई दृश्यों में वह भक्ति भाव और दिव्यता नजर नहीं आती, जिसकी अपेक्षा रामायण जैसे धार्मिक महाकाव्य से की जाती है। अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि उनके विचार से यह फिल्म 'शक्ति प्रधान ज्यादा और भक्ति प्रधान कम' है। हालांकि, उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने और अपनी राय साझा करने की अपील भी की। 

रवि दुबे के लक्ष्मण किरदार की कर चुके हैं तारीफ

फिल्म की आलोचना के बीच सुनील लहरी ने नए लक्ष्मण यानी अभिनेता रवि दुबे के अभिनय की तारीफ भी की है। उन्होंने इससे पहले रवि दुबे के किरदार को लेकर कहा था कि लक्ष्मण के व्यक्तित्व में जो भोलापन और तेवर होना चाहिए, वह नई रामायण में दिखाई देता है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं। ऐसे में सुनील लहरी की यह प्रतिक्रिया फिल्म को लेकर चल रही चर्चाओं को एक नया नजरिया देती है।
 

Tags - Entertainment News Entertainment Latest News Sunil Lahri on Ramayana Part 1 Ranbir Kapoor Ramayana Movie Review