logo

त्रेतायुग में चश्मा कहां से आया? रामायण के पोस्टर पर विवाद, मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

त्रेतायुग में चश्मा कहां से आया? रामायण के पोस्टर पर विवाद, मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

द फॉलोअप डेस्क:

फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा- श्री राम की’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। पहले माता सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर सवाल उठे और अब फिल्म के एक प्रमोशनल पोस्टर ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। पोस्टर में वानर सेना का एक सदस्य चश्मा पहने नजर आ रहा है। इसके बाद लोगों ने त्रेतायुग में चश्मे के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए और तस्वीर पर मीम्स बनने लगे। अब फिल्म के मेकर्स ने इस पूरे मामले पर सफाई दी है।

 

 

चश्मे वाले वानर का पोस्टर वायरल

फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने सुग्रीव के किरदार का एक पोस्टर शेयर किया था। इसी पोस्टर में पीछे खड़े वानर सेना के एक सदस्य की आंखों पर चश्मा दिखाई दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि त्रेतायुग की कहानी में आधुनिक चश्मा कैसे नजर आ रहा है। देखते ही देखते यह तस्वीर मीम्स का हिस्सा बन गई।

मेकर्स ने क्या कहा?

अब मेकर्स ने वायरल तस्वीर पर सफाई देते हुए कहा है कि यह फिल्म का वास्तविक सीन नहीं, बल्कि प्रमोशनल आर्टवर्क है। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम ने उन लोगों से वास्तविक स्क्रीनशॉट मांगा है, जो इसे फिल्म का सीन बता रहे हैं। मेकर्स ने कहा है कि अगर कोई दर्शक थिएटर में फिल्म के अंदर चश्मा पहने वानर का सीन देखता है, तो वह उसका स्क्रीनशॉट और टाइम कोड साझा करे। टीम ने ऐसे फुटेज पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की बात भी कही है।

अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर भी उठे थे सवाल

फिल्म को लेकर इससे पहले माता सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हुई थी। अंजलि अपने वायरल वीडियो और ‘कच्चा बादाम’ से पहचान बना चुकी हैं। ऐसे में कुछ लोगों ने उन्हें सीता के किरदार में लिए जाने पर सवाल उठाए। आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, अंजलि ने कहा कि उनकी कास्टिंग की घोषणा के बाद ही कुछ लोगों ने उनके काम को देखे बिना अपनी राय बना ली थी। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे उनके पुराने सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर नहीं, बल्कि फिल्म में उनके अभिनय को देखकर अपनी राय बनाएं।


 

Tags - Anjali Arora Mahakavya Shri Ramayan Katha Shri Ram Ki Movie Anjali Arora Sita Role Ramayan Movie Controversy