द फॉलोअप डेस्क:
KBC 18: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी के दिलचस्प किस्सों को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' (Kaun Banega Crorepati 18) के मंच पर अपने घर जलसा से जुड़ा एक मजेदार खुलासा किया। बिग बी ने बताया कि मुंबई स्थित उनके आलीशान बंगले में उनके लिए सिर्फ एक छोटा-सा कमरा है, जबकि घर के बाकी ज्यादातर कमरे उनकी पत्नी जया बच्चन के इस्तेमाल में हैं। अमिताभ की यह बात सुनकर शो में मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे। उन्होंने यह किस्सा बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में सुनाया।

जया बच्चन के लिए हैं खाने और बैठने के अलग-अलग कमरे
KBC के एक हालिया एपिसोड में दीपक नाम के कंटेस्टेंट पहुंचे थे, जो पेशे से मुरल आर्टिस्ट हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन को अपनी कला के बारे में बताया और दीवारों पर बनाई जाने वाली कलाकृतियों की जानकारी दी। उनका काम देखकर अमिताभ काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि वह भी अपने कमरे की दीवारों पर इसी तरह की कलाकारी करवाना चाहते हैं। इसी दौरान बिग बी ने बताया कि वह अपने कमरे को छोटा इसलिए कहते हैं, क्योंकि घर में उनके लिए बस एक छोटा कमरा है। बाकी कमरों को लेकर उन्होंने मजाक में कहा कि जया के पास खाने के लिए अलग कमरा, बैठने के लिए अलग कमरा और दूसरे कामों के लिए भी कई कमरे हैं। इस तरह उन्होंने अपनी पत्नी को घर में ज्यादा जगह मिलने का मजेदार किस्सा साझा किया।
.jpeg)
जया को पसंद है वारली पेंटिंग, 53 साल से साथ हैं दोनों
अमिताभ बच्चन ने इस बातचीत में जया बच्चन के कला प्रेम का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जया को घर की दीवारों पर पेंटिंग करवाने का काफी शौक है। उन्होंने जलसा की चारों बाहरी दीवारों पर कलाकृतियां बनवाई हैं, जिनमें वारली पेंटिंग भी शामिल है। अमिताभ ने इन पेंटिंग्स की खूबसूरती की तारीफ भी की। बता दें कि अमिताभ और जया बच्चन की शादी 3 जून 1973 को हुई थी। दोनों की शादी को 53 साल पूरे होने वाले हैं। इस जोड़ी के दो बच्चे हैं, बेटी श्वेता बच्चन नंदा और बेटे अभिषेक बच्चन। फिल्मों में अपनी गंभीर और दमदार छवि के लिए पहचाने जाने वाले अमिताभ का यह मजाकिया अंदाज एक बार फिर उनके पारिवारिक जीवन की झलक दिखाता है।