द फॉलोअप डेस्क
बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम मोबाइल फोन की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। घटना में मां और तीनों बच्चों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर गांव निवासी सुनील कुमार की 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी ने मंगलवार को दोपहर लगभग एक बजे कीटनाशक का सेवन कर लिया साथ ही अपने बच्चों को भी खिला दिया। जिसके बाद परिजनों की मदद से तत्काल सभी को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में चारों को सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान सविता देवी, उनकी 5 वर्षीय बेटी ज्योति और 3 वर्षीय बेटा आकाश ने दम तोड़ दिया। कुछ घंटों बाद 12 माह का बेटा विकास की भी मौत हो गई। विकास को गंभीर स्थिति में डॉक्टरों ने पीएमसीएच पटना रेफर किया था।.jpeg)
मृतका के पति सुनील कुमार ने बताया कि ''सविता कुछ दिनों से मोबाइल फोन मांग रही थी। मंगलवार को जब उन्होंने फोन तो नहीं दिलाया, लेकिन उसे अपना फोन यूज करने की बात कही थी , तो उसने यह कदम उठा लिया।'' उन्होंने बताया कि सविता उनकी तीसरी पत्नी थी। इससे पहले दो पत्नियों की मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी से हुई बेटी ज्योति की भी इस हादसे में मौत हो गई। फिलहाल चारों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में भी जुटी हुई है।