logo

पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान जारी, अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं 7 उम्मीदवार

MATDAN.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग जारी है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के 5 प्रमुख पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। वोटिंग के लिए 14 बूथ बनाए गए हैं। सभी जगह 6 बैलेट बॉक्स रखे गए हैं। वोटर्स अलग-अलग रंगों के पेपर पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के आगे क्रॉस का निशान लगाकर पर्ची बॉक्स में डाल रहे हैं। दोपहर 2 बजे तक वोटिंग चलेगी, जिसके बाद काउंटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। रात तक चुनाव का रिजल्ट आ जाएगा। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। गेट पर पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं। छात्रों की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। सभी कॉलेजों के गेट पर पुलिस सुरक्षा के दृष्टिकोण से अलर्ट है। अध्यक्ष पद पर कई कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें छात्र RJD से प्रियंका कुमारी, AIDSO से लक्ष्मी कुमारी, DISHA से ऋतिक रोशन, NSUI से मनोरंजन राजा, AISA से विश्वजीत कुमार, ABVP से मैथिली मृणालिनी और इंडिपेंडेंट से धीरज कुमार हैं।


इस बार चुनाव में ये हैं मुद्दे
हॉस्टल और सुविधाएं: हॉस्टलों की हालत खराब है, उनकी मरम्मत की जाए। नए हॉस्टल बनाए जाएं ताकि बाहर से आने वाले छात्रों को दिक्कत न हो। साथ ही पीने का साफ पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था हो।
पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं: सभी कॉलेजों में नियमित क्लासेज होनी चाहिए। लाइब्रेरी और डिजिटल शिक्षा के साधन बढ़ाए जाएं। परीक्षाएं और रिजल्ट समय पर घोषित किए जाएं।
छात्र सुरक्षा और अनुशासन: कैंपस में असामाजिक गतिविधियों को रोका जाए। छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन सुविधा शुरू हो। पूरे विश्वविद्यालय में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए।
इसके अलावा गरीब छात्रों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाई जाए। परीक्षा और सेमेस्टर फीस में पारदर्शिता हो। कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल को मजबूत किया जाए। छात्रों को इंटर्नशिप और रोजगार के बेहतर मौके मिले। छात्रों के लिए बस सेवा शुरू की जाए। बस पास और किराए में छूट मिले।


चुनाव प्रक्रिया और गाइडलाइन्स
नामांकन फॉर्म 10, 11, 12, 17 और 18 मार्च को दिए गए थे, और 17 से 19 मार्च तक जमा किए गए। स्क्रूटनी 20 मार्च को हुई, और अंतिम उम्मीदवार सूची 24 मार्च को जारी की गई।
27 मार्च को प्रेसिडेंशियल डिबेट का आयोजन किया गया था। जिसमें सभी अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने भाषण के जरिए अपने मुद्दों को छात्रों के सामने रखा।
साल 2022 में हुए छात्र संघ चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने 5 में से चार सीटों पर जीत दर्ज की थी। आनंद मोहन अध्यक्ष चुने गए थे, जिन्होंने NSUI के शाश्वत शेखर को हराया था। उपाध्यक्ष पद पर विक्रमादित्य सिंह, संयुक्त सचिव पद पर संध्या कुमारी, और कोषाध्यक्ष पद पर रवि कांत ने जीत हासिल की थी। महासचिव पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विपुल कुमार विजयी रहे थे।