logo

जमुई में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल

ACCIDENT12.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमुई जिले से सड़क हादसे की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सिमरिया मदन रोड के समीप हुआ। 
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय निराला महतो और 19 वर्षीय दिनेश महतो के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक का नाम केदारनाथ बताया जा रहा है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक रविवार रात किसी निजी काम को निपटाकर एक बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घायल युवक को तुरंत नजदीकी निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद इलाके में मातम और सनसनी फ़ैल गई है। वहीं मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं थी बल्कि हत्या की नियत से वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मारी और शव सड़क पर फेंक दिया। परिजनों ने घटना को गंभीर बताया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। और शवों को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने मामले को लेकर बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शवों को रात तक सड़क पर पड़े रहना संज्ञान में लिया गया है और मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है। पुलिस अब CCTV फुटेज और आसपास के लोगों से बयान लेकर आरोपी वाहन चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update jamui khabar jamui news jamui road accident news