राजगीर/बिहार
राजगीर में सोमवार को तेज रफ्तार में घूम रहे सुनामी झूले से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मेला परिसर में चीख-पुकार मच गई। लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना राजगीर में लगे मलमास मेला का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने झूला संचालक पर FIR दर्ज कर पूछताछ शुरु कर दी है।

परिवार के साथ मेला घूमने आया था
मृतक की पहचान नवादा जिले के बिक्कू गांव के निवासी अमन कुमार के रुप में हुई है, जिसकी उम्र 25 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अमन अपने परिवार के सदस्यों के साथ मलमास मेला घूमने आया था। मेला में लगे सुनामी झूले पर वह परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर मेला का आनंद ले रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार से घूम रहे झूले में लगे बेल्ट से वह बाहर निकल गया। इस दौरान वह पहले झूले के पोल से टकराया और फिर सिर के बल से जमीन पर गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें लगी।

लोगों में भय का माहौल
घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में अमन को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पावापुरी मेडिकल अस्पताल में ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। लोगों में भय की स्थिति बनी हुई है। लोग अब झूले पर चढ़ने से डर रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और झूला संचालक पर FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों में झूले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीट बेल्ट ठीक से लॉक ठीक नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस से उन्होंने मांग की है कि झूला संचालक पर कठोर कार्रवाई की जाए।