द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई सरकार बनते ही अपना सबसे बड़ा वादा पूरा करना शुरू कर दिया है। नीतीश कुमार शुक्रवार यानि 28 नवंबर को 10 लाख महिलाओं के खाते में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की 10-10 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। 
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार की सरकार ने लगभग 1.5 करोड़ पात्र जीविका दीदियों के खाते में इस योजना की पहली किस्त 10-10 हजार रुपए भेजी थी। और अब चुनाव के बाद यह पहली किस्त है जिसमें 10 लाख महिलाओं को रोजगार योजना के तहत 10-10 हजार रुपए की राशि भेजी जा रही है। 
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि 14 दिसंबर तक सभी पात्र महिलाओं को इस योजना की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। सीएम नीतीश कुमार खुद जीविका समूह से जुड़ी ग्रामीण क्षेत्र की 9.50 लाख और शहरी क्षेत्रों की 50 हजार महिलाओं के बैंक खाते में शुक्रवार को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेंगे।